Maharajganj Times

सड़क हादसे में दो पत्रकारों की मौत पर महराजगंज में शोक सभा, प्रेस क्लब ने दी श्रद्धांजलि

Maharajganj
Monday, 16 Mar, 2026
0
164

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सड़क दुर्घटना में कुशीनगर के दो पत्रकारों के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद घटना पर प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के पत्रकारों ने जिला मुख्यालय पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत पत्रकारों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।बताया गया कि संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद के पास एक डीसीएम और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कुशीनगर के पत्रकार धनंजय पांडे और शंभू मिश्रा का मौके पर ही आकस्मिक निधन हो गया। दोनों पत्रकार लखनऊ से कार द्वारा कुशीनगर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही महराजगंज जनपद के पत्रकारों में शोक की लहर फैल गई। मृतक पत्रकारों की आत्मा की शांति के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के जिलाध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।शोक सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। पत्रकार साथियों की असमय मृत्यु से पत्रकार समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में महराजगंज के सभी पत्रकार मृतक साथियों के परिजनों के साथ खड़े हैं और भगवान से प्रार्थना करते हैं कि परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें। इस मौके पर प्रेस क्लब के संरक्षक मनोज चौबे, राहुल त्रिपाठी, अमितेश त्रिपाठी, अनुज शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, संजय जायसवाल, अंगद शर्मा, रोहित कनौजिया, किशन गुप्ता, अरुण, ओंकार वर्मा, अमृत जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।